मोहकमपुर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से जुझ रही जनता को डीएम से न्याय की दरकार…..
1 min readदेहरादून। जन कल्याण समिति मोहकमपुर के प्रतिनिधिमंडल ने आज सविन बंसल जिलाधिकारी देहरादून, से मिलकर लंबे समय से लंबित मोहकमपुर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के निराकरण हेतु ज्ञापन सौंपा।
मोहकमपुर-लोअर नत्थनपुर -लोअर नेहरूग्राम क्षेत्र की दर्जनों कॉलोनियों (एकता विहार, गणेशपुरम, कृष्ण विहार, सद्भावना कॉलोनी, चाणक्य पुरम, न्यू चाणक्य पुरम, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, ज्वालपा एनक्लेव आदि) के निवासियों के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी महोदय को अवगत कराया कि विधानसभा से सटा यह क्षेत्र वर्षों से विकास से वंचित हैं। फ्लाईओवर सर्विस लेन की बदहाली, पानी निकासी हेतु नालियों की बदहाल स्थिति, टूटी हुईं सड़के, सफ़ाई, बिजली के झुके हुए पोल, अतिक्रमण, फ्लाई ओवर के नीचे व्याप्त गंदगी आदि समस्याओं का समाधान न होने से क्षेत्रवासी आक्रोशित हैं।
क्षेत्रवासी, उक्त समस्याओं के निराकरण हेतु संवैधानिक/शांतिपूर्ण तरीके से, वर्षों से प्रयासरत हैं। परन्तु अब क्षेत्र की निरंतर हो रही उपेक्षा से निराशा/तनाव/आक्रोश बढ़ता ही जा रहा हैं।
*मोहकमपुर में फ्लाईओवर को बने लगभग 7 वर्ष हो गए हैं, लेकिन सर्विस लेन का डामरीकरण आज तक नहीं हो पाया हैं।* सीवर/पेयजल लाइन डालने के बाद इसकी स्थिति और भी बदतर हो गई है। मोहकमपुर, माजरी माफ़ी, नवादा, नत्थनपुर, नेहरूग्राम, दिव्य विहार मियांवाला, तुनवाला आदि क्षेत्र के हजारों लोग/वाहन, रोज इस सर्विस लेन पर आना-जाना करते हैं। विगत चार वर्षों से यही स्थिति मोहकमपुर की मुख्य सड़क की हैं। *2025 की बरसात से पूर्व डीएम साहब ने मोहकमपुर आर ओ बी की सर्विस लेन और मोहकमपुर मुख्य सड़क को तारकोल से पक्का करने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित भी किया था। लेकिन उसके बावजूद स्थिति जस की तस ही हैं।*
जन कल्याण समिति ने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में निम्न पर त्वरित कार्यवाही करवाने का निवेदन किया।
मोहकमपुर फ्लाईओवर की दोनों तरफ सर्विस लेन की पूरी चौड़ाई को कवर करते हुए उसका डामरीकरण।
मोहकमपुर की मुख्य सड़क की पूरी चौड़ाई को कवर करते हुए, उसका कोलतार से निर्माण। मौसम विभाग से मोहकमपुर होकर नेहरूग्राम मियांवला तुनवाला जाने वाली इस सड़क से रोज हज़ारों वाहन निकलते हैं। इसलिए पानी की निकासी हेतु अंडर ग्राउंड नालियों का निर्माण व अतिक्रमण मुक्त कर इसका चौड़ीकरण आवश्यक हैं।
*फ्लाईओवर के नीचे रोड़ सकरी होने के कारण अक्सर वहां जाम लगा रहता हैं इसके दृष्टिगत वहां नगरनिगम द्वारा प्रस्तावित वेंडर जोन के निर्णय को वापस लेना।*
कॉलोनियों की टूटी हुईं आंतरिक सड़कों का निर्माण।
कालोनियों में पानी की निकासी हेतु नालियों का निर्माण।
हादसे का कारण बनने वाले झुके हुए बिजली के पोल बदलना।
जिस लेन में सीवर लाइन डालने का काम लटका हैं उसे पूरा करवाना।
फ्लाईओवर के नीचे कूड़े का निस्तारण कर उसका सौंदर्यीकरण।
जो भी एजेंसी सड़क निर्माण, नाली निर्माण, सीवर लाइन, गैसपाइप लाइन, आदि कार्य करवाती हैं उसकी टाइम लाइन नियत हो तथा उससे समिति को भी अवगत कराना।
प्रतिनिधिमंडल में मोहन सिंह नेगी अध्यक्ष, राजीव खनसाली सचिव, शेखर बरमोला कोषाध्यक्ष, विक्रम चौधरी सह सचिव एवं संरक्षक सुमेर सिंह नेगी शामिल रहे।